तीन महीने से वेतन नहीं मिलने से नाराज रोडवेज कर्मचारियों ने आगामी 22 फरवरी से कार्यबहिष्कार करने का निर्णय लिया है। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने साफ कर दिया है कि कार्यबहिष्कार करने के लिए अलग से विभाग को नोटिस नहीं दिया जाएगा। पिछले कुछ समय से हरिद्वार रोड स्थित वर्कशॉप परिसर में रोडवेज कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन चल रहा है। लेकिन वेतन अभी तक नहीं मिला है। इससे कर्मचारी खासा नाराज हैं। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के शाखा मंत्री अनिल धीमान ने कहा कि पूर्व में परिवहन निगम के सहायक महाप्रबंधक को नोटिस देकर कह दिया था कि वेतन नहीं मिलने पर 19 फरवरी से सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक कार्यबहिष्कार चलता रहेगा। इसके बाद 22 फरवरी से कर्मचारी पूर्ण कार्यबहिष्कार में चले जाएंगे। इसके लिए अलग से नोटिस नहीं दिया जाएगा। धीमान ने बताया कि रोडवेज के कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलता है। जिस कारण कर्मचारियों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ता है।
वेतन नहीं मिलने से नाराज रोडवेज कर्मी 22 से करेंगे कार्यबहिष्कार